Bihar Crime News: बिहार के कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र का शरीफगंज (हवाई अड्डा) इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां काजल कुमारी नामक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, लेकिन इसके पीछे की कहानी किसी फ़िल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है।
साजिश की परतों में दबी सच्चाई
इस कत्ल के तार आज से नहीं, बल्कि 5 साल पुराने एक खूनी इतिहास से जुड़े हैं। सीताराम यादव ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि मृतक काजल कुमारी के पति सुरेश यादव की भी 5 साल पहले उसके ससुराल में ही हत्या कर दी गई थी। पहले पति, और अब पत्नी—इस दोहरे हत्याकांड ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रात के अंधेरे में कौन आता था?
मामले में जनार्दन यादव ने मृतक के ससुर के हवाले से जो बताया, वह इस हत्या की वजह साफ करता है। ससुर का कहना है कि पिछले कई दिनों से रात के अंधेरे में एक लड़का काजल कुमारी से मिलने आया करता था। बात सिर्फ मिलने तक नहीं थी, फेसबुक (Facebook) पर काजल कुमारी की कई तस्वीरें वायरल की गई थीं। काजल को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अंजाम इतना खौफनाक होगा।
SP ने की 'प्रेम-प्रसंग' की पुष्टि
कटिहार के SP शिखर चौधरी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या पूरी तरह से 'प्रेम प्रसंग' का नतीजा है। कातिल अपना काम करके फरार हो गए, लेकिन मौके से पुलिस को गोली का एक खोखा बरामद हुआ है।
SP ने माना कि फेसबुक पर फोटो वायरल होने और पूर्व में मिली धमकियों के एंगल पर पुलिस तेजी से जांच कर रही है। पति की मौत के 5 साल बाद पत्नी का कत्ल—क्या यह सिर्फ प्रेम प्रसंग है या इसके पीछे कोई और गहरी साजिश? पुलिस अब उस 'मिस्टीरियस लड़के' की तलाश में है जो रात में आया करता था।





