1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 05, 2026, 3:37:59 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पोस्ट ऑफिस घोटाले के मामले में फरार चल रहे डाक बाबू समेत दो आरोपियों के घर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इश्तिहार चस्पा किया है। इस दौरान ढोल-नगाड़े के साथ सार्वजनिक मुनादी कर लोगों को भी जानकारी दी गई।
मोतिहारी के जितना थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत यह कार्रवाई की। पहला मामला जितना थाना कांड संख्या-25/26 से जुड़ा है, जिसमें पोस्ट ऑफिस का पैसा लेकर फरार होने के आरोपी डाक बाबू हरिशंकर सिंह, निवासी बनकटवा, के घर पर पुलिस ने इश्तिहार चस्पा किया।
वहीं, दूसरे मामले में जितना थाना कांड संख्या-308/25 के फरार अभियुक्त रवि कुमार, निवासी बीजबनी, के घर भी ढोल-नगाड़े के साथ इश्तिहार चस्पा किया गया। पुलिस ने दोनों गांवों में सार्वजनिक मुनादी कर न्यायालय के आदेश की जानकारी ग्रामीणों को दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से फरार हैं। यदि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान भी चला रही है।
रिपोर्ट : सोहराब आलम, पूर्वी चंपारण