1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 05, 2026, 4:26:19 PM
- फ़ोटो
Bihar News: जमुई के खैरा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने डॉक्टरों से लेकर अस्पताल में मौजूद लोगों तक को हैरान कर दिया. यहां सांप के डंसने के बाद परिजन सिर्फ पीड़ित महिला को ही अस्पताल नहीं ले गए, बल्कि जिस सांप ने काटा था उसे भी जिंदा पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर साथ ले पहुंचे.
यह घटना शनिवार देर शाम खैरा थाना क्षेत्र के पकरी गांव की है. पीड़ित महिला की पहचान गांव निवासी उमेश साव की पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में इसकी चर्चा शुरू हो गई. अस्पताल पहुंचे लोग भी डिब्बे में जिंदा सांप को देखकर कुछ देर के लिए चौंक गए.
परिजनों ने बताया कि किरण देवी रोज की तरह घर का काम कर रही थीं. इसी दौरान घर में खड़ी एक साइकिल पर रखा बोरा हटाने लगीं. जैसे ही उन्होंने बोरा उठाया, उसके अंदर छिपा सांप तेजी से बाहर निकला और उनके पैर में डंस लिया. अचानक हुई इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन परिजनों ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई.
महिला को संभालने के साथ ही परिवार के लोगों ने सांप पर नजर बनाए रखी और सावधानी के साथ उसे जिंदा पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया. इसके बाद बिना देर किए किरण देवी और डिब्बे में बंद सांप को लेकर सीधे जमुई सदर अस्पताल पहुंच गए. डॉक्टरों के सामने जब डिब्बा खोला गया तो वहां मौजूद लोग भी यह देखकर हैरान रह गए.
परिजनों ने डॉक्टरों को बताया कि वे सांप को इसलिए साथ लेकर आए हैं ताकि उसकी पहचान करने में आसानी हो और उसी के अनुसार इलाज किया जा सके. अस्पताल के डॉक्टरों ने सांप को देखकर उसकी पहचान की और तुरंत महिला का इलाज शुरू कर दिया. समय पर इलाज मिलने की वजह से महिला की हालत में तेजी से सुधार हुआ.
डॉक्टरों का कहना है कि सांप के डंसने की स्थिति में सबसे जरूरी बात घबराने के बजाय मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना है. मरीज को शांत रखें, उसे अनावश्यक चलने-फिरने न दें और बिना समय गंवाए नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर जाएं. झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के भरोसे रहने से मरीज की जान खतरे में पड़ सकती है.