1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 10, 2026, 10:16:35 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: दरभंगा के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हुए करीब 2 करोड़ रुपये के सोना-चांदी लूट कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में अब तक महिला सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात की साजिश दलसिंहसराय जेल में बंद भोला सिंह ने रची थी, जबकि बेगूसराय, मधुबनी और दरभंगा जिले के करीब 20 अपराधियों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
लहेरियासराय थाना क्षेत्र से लाइनर की भूमिका निभाने वाले ऋषिकेश सोनी और अभिषेक कुमार उर्फ सोनी को गिरफ्तार किया गया। वहीं लूट का सामान छिपाने के आरोप में बेगूसराय की उषा देवी को भी पुलिस ने पकड़ा है। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि अब तक 156.44 ग्राम सोना और 8.630 किलोग्राम चांदी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये है, बरामद की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों में फरार हो गए थे, जिन्हें पकड़ने के लिए बिहार एसटीएफ, उत्तर प्रदेश एसटीएफ, असम पुलिस और दरभंगा एसआईटी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, 9 गोलियां, चार मोटरसाइकिल और आठ मोबाइल भी जब्त किए हैं।
बता दें कि 3 अप्रैल 2026 को अपराधियों ने प्रेम ज्वेलर्स से करीब 700 ग्राम सोना, 20-25 किलो चांदी और 10 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। हालांकि नकद राशि की बरामदगी संभव नहीं हो सकी है। पुलिस अब भी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे गिरोह के पर्दाफाश का दावा किया है।
रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा