Hindi News / crime / खुद की दुकान खोलने से नाराज था कारोबारी, पेंटर की हत्या कर शव...

खुद की दुकान खोलने से नाराज था कारोबारी, पेंटर की हत्या कर शव को गोदाम में छुपाया; पुलिस पहुंची तो खुला राज

Bihar Crime News: दरभंगा में पेंटर बबलू यादव की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोपी ने गला दबाकर हत्या की बात कबूल की है. शव दुकान के गोदाम से बरामद हुआ है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 29, 2026, 11:38:34 AM

Bihar Crime News

बेटे की शादी से पहले पिता की हत्या - फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक पेंटर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय बबलू यादव के रूप में हुई है, जिनका शव पेंट की दुकान के गोदाम से बरामद किया गया। इस हत्या का आरोप महादेव इंटरप्राइजेज के संचालक चंदन कुमार पर है, जिसने बाद में अपना जुर्म कबूल कर लिया।


जानकारी के अनुसार, बबलू यादव पहले चंदन कुमार की पेंट दुकान में काम करते थे, लेकिन कुछ समय पहले उन्होंने रानीपुर दुर्गा मंदिर के पास अपनी अलग दुकान खोल ली थी। इसके बावजूद चंदन कुमार उन्हें लगातार गिफ्ट देने के बहाने अपनी दुकान पर बुला रहा था। मंगलवार को बबलू यादव अपने बेटे की शादी का कार्ड लेकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।


परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और जब उनकी साइकिल महादेव इंटरप्राइजेज के पास मिली तो संदेह गहरा गया। इसके बाद परिजनों ने दुकान मालिक महादेव यादव और उसके बेटे चंदन कुमार से पूछताछ की। शुरुआत में चंदन कुमार ने जानकारी देने से इनकार किया, लेकिन पुलिस के दबाव के बाद उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।


आरोपी ने बताया कि उसने बबलू यादव की गला दबाकर हत्या की और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस ने बबलू यादव का शव दुकान के गोदाम से बरामद किया। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना, कोतवाली, सदर और लहेरियासराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।


फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा