Bihar Crime News: दरभंगा के बेंता थाना क्षेत्र के दोनार चौक स्थित गली में आयोजित एक रिसेप्शन पार्टी में शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान 20 वर्षीय कन्हैया दास पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तत्काल डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद बेंता थाना पुलिस जांच में जुट गई है। कन्हैया के भाई कृष्णा दास ने बताया कि बीती रात मो. अयूब के बेटे की शादी के रिसेप्शन में भोज के दौरान हंसी-मजाक में सतीश नामक युवक से कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हुआ था।
समाज के लोगों के हस्तक्षेप से मामला सुलझा लिया गया था और कन्हैया ने माफी भी मांग ली थी। लेकिन गुरुवार दोपहर जब कन्हैया गंगासागर तालाब के पास किसी काम से गया, तभी कुछ युवकों ने उसे घेरकर छाती, पेट और कंधे समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए।
घायल की चाची किरण देवी ने बताया कि कन्हैया के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपने भाई के साथ दादा-दादी के सहारे रह रहा है। उन्होंने कहा कि रात में समझौता होने के बावजूद आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया।

