Bihar Crime News: बड़ी खबर बिहार के दरभंगा से आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। चार बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान का निशाना बनाया और दुकान में घूसकर 15 से 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, लूट की यह वारदात नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में हुई है। चार अपराधियों ने मनोज कुमार शाह के प्रेम ज्वेलर्स में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया और जमकर लूटपाट की। इसके बाद वहां से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची नगर थाना की पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों को पकड़ लेने का दावा किया है। उधर, दिनदहाड़े लूट की इस वारदात के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।

