Hindi News / crime / घर के दरवाजे पर सो रही बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी, गहने...

घर के दरवाजे पर सो रही बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी, गहने लूटकर फरार होने वाला आरोपी गिरफ्तार

Bihar Crime News: छपरा के शीतलपुर गांव में घर के बाहर सो रही 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर गहने लूट लिए गए। पुलिस ने घटनास्थल पर मिले मोबाइल फोन के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 12, 2026, 2:35:23 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बिहार के छपरा जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में देर रात एक बुजुर्ग महिला की हत्या की सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया है।


मृतका की पहचान शीतलपुर निवासी राम जन्म पंडित की 80 वर्षीय पत्नी रुक्मिणी देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रुक्मिणी देवी रात में घर के दरवाजे पर सो रही थीं। इसी दौरान चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी और शरीर पर पहने गए गहने लेकर फरार हो गए।


मृतका के पुत्र ने आरोप लगाया है कि हत्या के दौरान आरोपी का मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही गिर गया, जिसके आधार पर उसकी पहचान हुई। सूचना मिलने के बाद दाउदपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शीतलपुर गांव निवासी बाबूदीन अंसारी के पुत्र बाबर अंसारी के रूप में की गई है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों तथा लूट में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा