PATNA: छपरा में हथियार तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और भारी मात्रा में अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए गए हैं।
पटना एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि जलालपुर थाना क्षेत्र में छपरा से जलालपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक सफेद रंग की कार से कुछ अपराधी भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस लेकर बनियापुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद बसडिला NH-331 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान छपरा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की वैगनआर कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से एक पिस्टल, 64 जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की गई। मौके से मोनू सिंह और अभिषेक उपाध्याय को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ये हथियार आदित्य कुमार सिंह से लेकर बेचने जा रहे थे और इससे पहले भी कई बार हथियार और कारतूस की तस्करी कर चुके हैं। इसके बाद गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बसडिला, काकन टोला, धुपनगर धोबवल और माधोपुर में छापेमारी की।
इस दौरान आदित्य कुमार, राहुल कुमार, रविरंजन सिंह और कुणाल सिंह को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी में कुल चार पिस्टल, 74 जिंदा कारतूस, पिस्टल के पार्ट्स, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। सभी बरामद सामानों को जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी का काम करते थे और पहले भी कई लोगों को हथियार सप्लाई कर चुके हैं। इस मामले में जलालपुर थाना कांड संख्या 123/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट पवन कुमार सिंह छपरा


