1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 30, 2026, 9:04:29 AM
- फ़ोटो Google
Police Encounter: ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को गुरुवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस मुठभेड़ में एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी।
मुठभेड़ के दौरान चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। स्वाट टीम प्रभारी असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक को गोली लगी, जबकि खुर्जा कोतवाल रामपाल सिंह और पुलिसकर्मी कपिल कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगने से वे बाल-बाल बच गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह मुठभेड़ सिकंदरपुर पुल के पास स्वाट टीम और खुर्जा कोतवाली पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान हुई।
बता दें कि 25 अप्रैल की रात खुर्जा नगर क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में पूर्व सभासद संजय सैनी के भाई मनीष, अमनदीप और भतीजे आकाश सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अमनदीप के पिता की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था, जिनमें से बाद में एक और आरोपी सामने आया। अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि तीन आरोपियों को पहले मुठभेड़ में पकड़ा गया था।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार के अनुसार, गुरुवार सुबह सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास मुख्य आरोपी जीतू सैनी और उसके साथी से पुलिस की मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में जीतू सैनी घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। उसकी ओर से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हुए। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल जीतू सैनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।