1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 03, 2026, 8:20:12 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
BPSC AEDO exam scam: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की AEDO परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि परीक्षा शुरू होने से 3 से 4 घंटे पहले ही आंसर-की तैयार कर ली गई थी। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की जांच में यह भी पता चला है कि सॉल्वर गैंग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर मोबाइल के जरिए प्रश्नपत्र लीक किया और तुरंत उत्तर तैयार किए।
इस मामले में बिहारशरीफ और पटना समेत कई जगहों से अहम सुराग मिले हैं, जिससे पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। EOU ने गिरफ्तार 22 आरोपियों से देर रात करीब 2:30 बजे तक पूछताछ की, जिनमें परीक्षा एजेंसी के कर्मचारी, सॉल्वर और कुछ अभ्यर्थी शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि तैयार की गई आंसर-की का मिलान वास्तविक प्रश्नपत्र से पूरी तरह मेल खाता था, जिससे धांधली की पुष्टि और मजबूत हो गई है। सूत्रों के अनुसार, परीक्षा के दौरान कुछ फर्जी बायोमेट्रिक कर्मी प्रश्नपत्र की तस्वीरें खींचकर सॉल्वर गैंग तक भेजते थे। इसके बाद व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए जवाब तैयार कर तुरंत अभ्यर्थियों तक पहुंचाए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि सॉल्वर टीम ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर तेजी से उत्तर तैयार किए। ईओयू की एसआईटी ने कई मोबाइल फोन और ब्लूटूथ डिवाइस भी बरामद किए हैं, जो इस नेटवर्क की पुष्टि करते हैं। अब जांच एजेंसियां प्रश्नपत्र की छपाई से लेकर ट्रांसपोर्ट और परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की गहन जांच कर रही हैं, ताकि इस बड़े फर्जीवाड़े के हर पहलू को उजागर किया जा सके।