Hindi News / crime / बोधगया में दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग, चारपहिया वाहन से पहुंचे बदमाशों ने बरसाईं...

बोधगया में दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग, चारपहिया वाहन से पहुंचे बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

गया के बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। घटना में युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश कर रही है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 09, 2026, 8:20:49 PM

बिहार न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर

GAYA: गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र अंतर्गत हथियार गांव में मंगलवार को उस समय दहशत फैल गई, जब अज्ञात अपराधियों ने एक युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। घटना में युवक की जान तो बच गई, लेकिन गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


मिली जानकारी के अनुसार, हथियार गांव निवासी राम पुकार चौधरी के पुत्र मुकेश कुमार को निशाना बनाकर अपराधियों ने हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक चारपहिया वाहन से करीब पांच हथियारबंद बदमाश गांव पहुंचे और मुकेश कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हालांकि, फायरिंग के दौरान कोई गोली उन्हें नहीं लगी और वह सुरक्षित बच निकले।


घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।


सबूत मिटाने की कोशिश!

ग्रामीणों ने बताया कि फायरिंग के बाद जब बदमाश वहां से निकलने लगे, तो उनमें से एक व्यक्ति वाहन से उतरकर घटनास्थल पर पड़े गोली के खोखे समेटने लगा। लोगों का आरोप है कि अपराधी वारदात के सबूत मिटाने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा अपराधियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, पुराना विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

रिपोर्ट नितम राज