Bihar Crime News: बिहार के नालंदा में होली मिलन समारोह के दौरान भारी बवाल हुआ है। बिहारशरीफ के नकटपुरा स्थित एक वाटर पार्क में आयोजित होली मिलन समारोह के बाद रविवार को अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भोजपुरी गायक रोशन रोही शामिल हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब गायक वहां से निकल रहे थे, तभी भीड़ का एक हिस्सा उग्र हो गया। देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया और कुछ लोगों ने पथराव के साथ-साथ गोलीबारी भी की। अफरातफरी के बीच रोशन रोही भी भीड़ में फंस गए और उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
इसी दौरान कार्यक्रम की कवरेज कर रहे एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल के संवाददाता को भी भीड़ ने घेर लिया। उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनका सिर फट गया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से पिटाई की, दो मोबाइल फोन छीन लिए और पर्स से नकदी भी निकाल ली।
गोलीबारी की घटना में एक युवक सूबे लाल को गोली लगी है, जबकि कई अन्य लोग लाठी-डंडों से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है।




