Bihar Police News: बिहार के गयाजी में कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी के लिए गई स्पेशल टास्क फोर्स (STF) टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिरियामा गांव की है, जहां रविवार देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान स्थिति अचानक हिंसक हो गई। हमले में तीन से अधिक STF जवान घायल हो गए, जबकि कुछ समय के लिए उनके हथियार भी छीन लिए गए थे। बाद में पुलिस दबिश के बाद हथियार बरामद कर लिए गए।
पुलिस के अनुसार, STF टीम हत्या के एक मामले में वांछित कुख्यात आरोपी संजय मांझी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। टीम आरोपी को पकड़ने ही वाली थी कि उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई।
भीड़ ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे कई जवान घायल हो गए। घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति को नियंत्रण में होने की बात कह रही है।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी




