Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले की मोतीपुर थाना पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक बाइक पर सवार दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने बीते दिनों कांटी थाना क्षेत्र में हुई एक महिला से छिनतई की गुत्थी को भी सुलझा लिया है।
जानकारी के अनुसार, मोतीपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसी आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें जवानों ने खदेड़कर दबोच लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद एक बैग से एक देसी कट्टा और दो पिस्टल बरामद हुए। इसके साथ ही पुलिस ने उनकी अपाचे बाइक को भी जब्त कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के ही पंकज कुमार और वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि ये दोनों अपराधी बीते दिन कांटी थाना क्षेत्र में एक महिला से हुई छिनतई की घटना में भी शामिल थे। पुलिस काफी समय से इन लुटेरों की तलाश कर रही थी।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार पंकज कुमार एक पेशेवर अपराधी है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और मुजफ्फरपुर के अलावा अन्य जिलों के थानों में भी उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
डीएसपी ने बताया कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से इलाके में लूट और छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन से सदस्य शामिल हैं और इनके तार कहां तक जुड़े हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। जल्द ही दोनों अपराध कर्मियों को पुलिस रिमांड पर लेकर कई कांडों में करेगी पूछताछ ।





