Bihar Police Encounter: बड़ी खबर बिहार के मोतिहारी से आ रही है, जहां देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में गोली लगने से दो शातिर बदमाशों की मौत हो गई वहीं बिहार एसटीएफ का एक जवान शहीद हो गया है। चकिया थाना क्षेत्र में देर रात हुई इस पुलिस एनकाउंटर के बाद हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने चकिया के अपर थानाध्यक्ष को नेपाल नंबर से फोन कर धमकी दिया था। जिसके बाद बीती रात बिहार एसटीएफ और पुलिस की टीम उसके घर छापेमारी करने पहुंची थी। इस दौरान बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
इस दौरान एसटीएफ के जवान श्रीराम यादव को दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में मोतिहारी के रहमानिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बीच कुंदन ठाकुर और प्रियाशु दुबे नामक बदमाशों को पुलिस ने ढेर कर दिया। दोनों ने एसएचओ को फोन पर धमकाते हुए कहा था कि गुंडई पुलिस देखेगी और 15 पुलिस वालों की लाशें गिरेंगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीआईजी से लेकर एसपी तक घटनास्थल पर पहुंचे हैं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है। शहीद हुए एसटीएफ जवान के परिजनों में कोहराम मच गया है। देर रात शहीद के परिजन अस्पताल पहुंचे और पूरा माहौल गमगीन हो गया।




