1st Bihar Published by: Viveka Nand Updated May 06, 2026, 7:00:17 PM
- फ़ोटो self
Bihar News: बिहार के भ्रष्ट अधिकारियों की पहली पसंद सिलीगुड़ी है. बिहार से रिश्वतखोरी कर अवैध कमाई को सिलीगुड़ी में निवेश कर रहे. किशनगंज के एसडीपीओ-थानेदार के बाद अब सुपौल के जिला अवर निबंधक का सिलीगुड़ी में संपत्ति अर्जित करने का खुलासा हुआ है. आर्थिक अपराध इकाई ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों के काले कारनामों का खुलासा कर रहा है.
सुपौल के भ्रष्ट जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार ने अपनी पत्नी नीता कुमारी के नाम पर सिलीगुड़ी के पास सोसाइटी में लगभग 42 डिसमिल जमीन क्रय किया है. स्थानीय मापी में यह भूखंड करीब 25 कट्ठा है. यह जमीन 15 लाख रुपए प्रति कट्ठा की दर से खरीदी गई है. भूखंड क्रय करने में जिला अवर निबंधन ने चार करोड रुपए खर्च किए हैं. तलाशी के क्रम में इसके साक्ष्य मिले हैं. जमीन का मूल्य नगद राशि में भुगतान किया गया है. इसके साक्ष्य जांच के दौरान आर्थिक अपराध इकाई के हाथ लगे हैं . इसकी बाउंड्री कराने में लगभग 25 लाख रुपए का खर्चा आया है .
सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के आशियाना दीघा रोड स्थित राज अपार्टमेंट के फ्लैट की तलाशी ली गई . जांच में पाया गया कि यह फ्लैट 2021 में 65 लाख रुपए में क्रय किया गया है. इस पर साज-सज्जा व अन्य कार्य पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जाने का अनुमान है. तलाशी के क्रम में अभियुक्त के फ्लैट से इनकी सास गायत्री देवी के नाम पर सोनपुर में 4.50 लाख रुपए कट्ठा की दर से तीन कट्ठा भूमि निबंधन के दस्तावेज मिले हैं.
तलाशी में अभियुक्त के ठिकानों से दो महिंद्रा स्कार्पियो जो 2023,20 24 मॉडल का है,मिला है. इस पर 42 लाख रुपए नगद खर्च किए गए हैं. ₹200000 की महंगी स्कूटी खरीदने के साक्ष्य मिले हैं. पत्नी और बच्चों के नाम पर 11 एलाईसी एवं अन्य बीमा कंपनी के पॉलिसी के दस्तावेज जप्त किए गए हैं.
जिला अवर निबंधक एवं पत्नी-बच्चों के नाम पर एचडीएफसी बैंक में चार बचत खाता, एसबीआई में दो अकाउंट, जिसमें 4.50 लाख रुपए जमा है. एसबीआई के पीपीएफ में 20 लाख रुपए की जमा राशि पाई गई है.तलाशी में जो आभूषण मिले हैं उसका वर्तमान मूल्य एक करोड़ 18 लाख 45 हजार रुपए हैं. म्युचुअल फंड में ₹300000 के निवेश मिले हैं.
सुपौल स्थित किराए के आवास की तलाशी में 86500 नगद मिले हैं. तलाशी में जो दस्तावेज बरामद किए गए हैं उसके बाजार मूल्य लगभग 10 करोड रुपए है.
अमरेंद्र कुमार 2010 में अवर निबंधन सेवा में आए हैं. 15 वर्षों की अपनी सेवा अवधि में इन्होंने अकूत संपत्ति अर्जित की है. आर्थिक अपराध इकाई ने सुपौल के जिला अवर निबंधन अमरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से एक करोड़ 10 लाख 64000 अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज कर बुधवार को पटना समेत पांच ठिकानों पर तलाशी ली है.