Bihar Crime News: गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष के पति और शिक्षक भुवन भास्कर त्रिपाठी उर्फ नमूना त्रिपाठी पर ताबड़तोड़ गोली चलाई है। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल भुवन भास्कर को इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है, हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना भोरे थाना क्षेत्र के मझवालिया-पिपरहि पथ की है। देर रात करीब 11 बजे भुवन भास्कर त्रिपाठी छठियावँ गांव निवासी अपने काम से लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
गोली उनके हाथ में लगी है, जबकि नाक के पास भी गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
भुवन भास्कर त्रिपाठी शिक्षक हैं, पैक्स अध्यक्ष के पति हैं और पूर्व में मुखिया का चुनाव भी लड़ चुके हैं। स्थानीय स्तर पर वे काफी सक्रिय रहते हैं। इलाके में उनकी सामाजिक-पंचायती गतिविधियों के चलते कई लोगों से संपर्क है। गोलीबारी की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुरानी रंजिश, पंचायत राजनीति या कोई और कारण हो सकता है, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना की सूचना मिलते ही भोरे थाना पुलिस और हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।
रिपोर्टर: नमो नारायण मिश्रा






