Bihar Crime News: बिहार में जारी निगरानी के एक्शन के बीच मुजफ्फरपुर में एक और घूसखोर गिरफ्त में आया है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम ने साहेबगंज नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार मिश्रा को 9 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, SVU कार्यालय में एक परिवादी राजकुमार तिवारी के द्वारा यह शिकायत की गई कि साहेबगंज नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार साहिबगंज में पेवर्स ब्लॉक लगाने के लिए 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। सूचना की जांच और सत्यापन कराया गया तो शिकायत सत्य पाया गया।
इसके बाद SVU के पुलिस उपाधीक्षक राज कुमार सिंह, एवं SVU के अन्य पदाधिकारी तथा कर्मी की एक छापामारी धावा दल बनाई गई, जिनके द्वारा आज आरोपी अमन कुमार को 9 हजार रुपया रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में SVU (विशेष निगरानी इकाई) थाना कांड संख्या 7/26 दिनांक 19.02.26 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथा संशोधित 2018 दर्ज किया गया है। केस दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि जिले में पिछले 72 घंटे में तीन भ्रष्ट अधिकारियों की गिरफ्तार हुई है। बीते 17 फरवरी को प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया था। वहीं 18 फरवरी को सदर थाने के दारोगा भास्कर कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया गया और अब आज यानी 19 फरवरी को साहेबगंज नगर परिषद के जेई अमन कुमार को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया है। जिले में भ्रष्टाचार पर प्रहार का यह सिलसिला पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है, जिससे सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।




