1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 06, 2026, 7:10:05 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो AI PHOTO
BHOJPUR: भोजपुर जिले में एक बार फिर हर्ष फायरिंग की घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव का है, जहां मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे शादी समारोह के दौरान फायरिंग में एक सेना का जवान घायल हो गया।
घायल जवान की पहचान तरारी थाना क्षेत्र के जेठवार गांव निवासी स्वर्गीय राजेंद्र साह के 25 वर्षीय पुत्र भोला साह के रूप में हुई है। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। परिजनों ने तुरंत घायल जवान को आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
भोला साह ने बताया कि वह अपने मामा अनंत साह की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए अपने ननिहाल मुकुंदपुर आया था। घटना के समय वह शामियाने में एक किनारे कुर्सी पर बैठा था और पास में कुछ बच्चे भी मौजूद थे। तभी अचानक फायरिंग हुई और एक गोली उसके दाएं हाथ को चीरते हुए जांघ में जा लगी।
उन्होंने कहा कि अगर यह गोली वहां मौजूद बच्चों को लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था। गोली लगने के बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गया और उसके हाथ से काफी खून बहने लगा। परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांघ से गोली निकाल दी है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की और इस्तेमाल किया गया हथियार किसका था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध है और इस मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।