Hindi News / crime / बिहार में सम्राट मॉडल की शुरुआत: भागलपुर शूटआउट के मास्टरमाइंड रामधनी यादव ...

बिहार में सम्राट मॉडल की शुरुआत: भागलपुर शूटआउट के मास्टरमाइंड रामधनी यादव का पुलिस एनकाउंटर, महज 12 घंटे में कार्रवाई

Bihar Police Encounter: योगी मॉडल की तर्ज पर बिहार में भी सम्राट मॉडल की शुरुआत हो गई है. पुलिस ने भागलपुर शूटआउट के मास्टरमाइंड को एनकाउंटर में मार गिराया है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 29, 2026, 7:43:20 AM

Bihar Police Encounter

बिहार में पुलिस एनकाउंटर - फ़ोटो Reporter

Bihar Police Encounter: बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद कानून-व्यवस्था पर सख्ती का असर दिखने लगा है। भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार शाम हुए शूटआउट के मास्टरमाइंड रामधनी यादव को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर एनकाउंटर में मार गिराया।  


मंगलवार शाम नकाबपोश हमलावरों ने नगर परिषद कार्यालय में घुसकर सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सभापति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मायागंज अस्पताल से पटना रेफर किया गया।  


पुलिस जांच में सामने आया कि इस हमले का मास्टरमाइंड नगर परिषद उपाध्यक्ष नीलम देवी का पति रामधनी यादव  था। बुधवार सुबह छापेमारी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया।  


एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामग्री बरामद कर ली गई है। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज मायागंज अस्पताल में जारी है। वहीं डॉक्टरों ने रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया।  इस पूरे घटनाक्रम को राज्य में "सम्राट मॉडल" की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है, जहां अपराधियों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा रही है।