1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 29, 2026, 10:39:08 AM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुए भीषण शूटआउट में जान गंवाने वाले कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण का शव मधुबनी शहर के गदियानी स्थित उनके आवास पर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका गमगीन हो गया।
मृतक के घर पर पत्नी, बच्चे, मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसर गया। इस दुखद मौके पर नगर निगम के मेयर अरुण राय, सदर एसडीएम चंदन कुमार झा, सदर डीएसपी अमित कुमार और नगर थाना पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे। सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में नकाबपोश हमलावरों ने सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में कृष्ण भूषण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सभापति गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जांच में सामने आया कि इस हमले का मास्टरमाइंड नगर परिषद उपाध्यक्ष नीलम देवी का पति रामधनी यादव था। बुधवार सुबह पुलिस की छापेमारी के दौरान उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया।
मृतक कृष्ण भूषण मधुबनी के गदियानी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय रामचंद्र साह के पुत्र थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी-बच्चे और बड़े भाई सहित परिजन लगातार रोते-बिलखते रहे। पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मृतक के बड़े भाई अजय कुमार ने कहा कि यह सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या है और प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
रिपोर्ट- कुमार गौरव, मधुबनी