Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर में रेल यात्रियों से लूटपाट करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित एक किराए के मकान से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के 500 ग्राम सोना और डेढ़ किलो चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इस मामले में दो मुख्य आरोपी संजय यादव और पलटू सहनी को गिरफ्तार किया गया है।
रेल एसआरपी विद्यासागर ने बताया कि जीआरपी इंस्पेक्टर नसीम अहमद को सुबह करीब 4:45 बजे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर ए.के. गिरी के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। प्रारंभिक जांच में सफलता नहीं मिली, लेकिन जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में जांच के दौरान दोनों आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
पूछताछ के बाद संजय यादव की निशानदेही पर महेशपुर स्थित किराए के मकान में छापेमारी की गई। मकान के एक कमरे में बनाए गए तहखाने से झोले में छिपाकर रखे गए बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए। इनमें 13 सोने के कंगन, 5 चेन, 6 लॉकेट चेन, मोती माला, सोने की चूड़ियां, मांग टीका, चांदी के पायल और जितिया समेत कई कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से अमेरिकी, मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया की विदेशी मुद्रा भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, संजय यादव मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र का निवासी है और वह एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं पलटू सहनी परबत्ता राघोपुर का रहने वाला है। पूछताछ में दोनों ने शहर के दो ज्वेलर्स के नाम भी बताए हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के दायरे में रखा है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ट्रेन में पॉकेटमारी कर वारदात को अंजाम देते थे। उनके पास से पॉकेटमारी में इस्तेमाल होने वाला ब्लेड भी बरामद किया गया है। एसआरपी के अनुसार, इस गिरोह में करीब 15 अन्य सदस्य शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
रेल अधिकारियों ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें लगातार ट्रेनों और स्टेशनों पर निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होगा और यात्रियों की सुरक्षा और मजबूत होगी।




