Bihar Crime News: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के कुमारबाग थाना क्षेत्र से सामने आए एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामले में बेतिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। एक साथ पांच नाबालिग लड़कियों के लापता होने से इलाके में जहां दहशत और चिंता का माहौल बन गया था, वहीं पुलिस की मुस्तैदी ने 24 घंटे के भीतर ही सभी लड़कियों को सकुशल बरामद कर लोगों का भरोसा जीत लिया।
यह मामला कुमारबाग थाना अंतर्गत लखौरा वार्ड संख्या–8 का है, जहां से पांच नाबालिग लड़कियां अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने इस घटना को गंभीर चुनौती के रूप में लेते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी सहयोग के साथ-साथ मानवीय नेटवर्क को भी सक्रिय किया।
बेतिया से लेकर गोरखपुर और दिल्ली रेलवे स्टेशन तक सघन जांच अभियान चलाया गया। विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। बताया गया कि लापता लड़कियों में से एक के पास मोबाइल फोन था, जिसे आधार बनाकर पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए अहम सुराग हासिल किया। पुलिस राजधानी दिल्ली तक पहुंची और वहां से सभी पांचों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया और सभी लड़कियों को उसके परिजनको सौंप दी गई।
इस सफल कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बेतिया पुलिस की जमकर सराहना हो रही है। लोग पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन और एसडीपीओ विवेक दीप की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा कर रहे हैं। पिछले बार भी अपहृत बालक को महज 6 घंटे में बरामद कर मिशाल पेश की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक ऐसे कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील अधिकारी जिले में मौजूद हैं, तब तक आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस करती रहेगी।
रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया





