Bihar Crime News: बेतिया में मझौलिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जवकटिया और बैठनिया में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 09 एटीएम कार्ड, एक पासबुक और 07 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जवकटिया वार्ड-02 निवासी मिथलेश कुमार, मुकेश कुमार राय तथा मठियाब्रीत बैठनिया निवासी मोहित कुमार उर्फ आलोक कुमार शामिल हैं। मेडिकल जांच के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से पाकिस्तान से संपर्क में थे। उनके मोबाइल चैट और कॉल डिटेल में पाकिस्तानी कोड (+92) से बातचीत के प्रमाण मिले हैं। बताया गया है कि आरोपी अपने परिचितों और दोस्तों के बैंक खातों में रुपये मंगवाते थे और बदले में उन्हें कमीशन देते थे।
उक्त मामले में मझौलिया थाना में कांड दर्ज करते हुए पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया





