Bihar Crime News: बिहार के बेतिया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाने वाला वैवाहिक रिश्ता महज़ 65 दिनों में ही टूट गया। नरकटियागंज वार्ड संख्या 22 निवासी राजेश साह की पुत्री नेहा कुमारी की शादी 01 दिसंबर 2025 को बेतिया के दुर्गाबाग मंदिर में वैदिक सनातन परंपरा के अनुसार संपन्न हुई थी। उनका विवाह पुरानी गुदरी, वार्ड संख्या 09, बेतिया निवासी भिखु साह के पुत्र विशाल कुमार से दोनों की सहमति से हुआ था।
हालांकि शादी के महज़ दो माह तीन दिन बाद ही, 03 फरवरी 2026 को नेहा कुमारी की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के दिन ही दहेज को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी।
परिजनों के अनुसार, नेहा ने अपनी मौत से एक रात पहले मायके फोन कर बताया था कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही परिजन बेतिया के लिए रवाना हुए, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही नेहा की मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही कालीबाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
वहीं, घटना के बाद से वर पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। मृतका के परिजनों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया





