1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jun 07, 2026, 2:57:37 PM
हत्या या आत्महत्या? - फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार की सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मामले को लेकर लोगों के बीच हत्या और आत्महत्या दोनों तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी रही। घटना फूलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद बरौनी के वार्ड संख्या-3 स्थित गाछी टोला की है। मृतक की पहचान शकलदेव महतो के लगभग 22 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने घर के समीप एक आम के पेड़ में युवक का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही फूलवड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर जांच शुरू की। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से विभिन्न नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक के बड़े भाई अनिल महतो और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मनोहर कुमार ने बताया कि छोटू कुमार शनिवार की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह घर के समीप ही आम के पेड़ से उसका शव बरामद हुआ।
परिजनों के अनुसार मृतक के शरीर पर केवल एक जांघिया था, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर कोई कपड़ा नहीं था। शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फूलवड़िया थाना पुलिस ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।