1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Apr 26, 2026, 12:17:31 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपित शव को मृतक के घर के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र की वीरपुर पूर्वी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-1 मुनीचक निवासी 32 वर्षीय गोविंद पासवान के रूप में की गई है। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, मृतक और आरोपितों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपितों ने गोविंद पासवान को घेरकर बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि घटना के बाद आरोपितों ने शव को घर के पास लाकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर वीरपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी सदर डीएसपी-टू इमरान अहमद भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। हत्या के कारणों तथा आरोपितों की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।'
रिपोर्ट- हरेराम दास, बेगूसराय