Hindi News / crime / बेगूसराय गैंगरेप कांड का खुलासा: मुख्य आरोपी नीतीश समेत दो गिरफ्तार, SIT ने...

बेगूसराय गैंगरेप कांड का खुलासा: मुख्य आरोपी नीतीश समेत दो गिरफ्तार, SIT ने UP से दबोचा; तीन अब भी फरार

Bihar Crime News: बेगूसराय के चकिया गैंगरेप मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी ने मुख्य आरोपी नीतीश कुमार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस ने हथियार और घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है।

1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jun 21, 2026, 7:28:02 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बेगूसराय के चर्चित चकिया गैंगरेप कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।


एसपी मनीष ने बताया कि चकिया थाना क्षेत्र की एक महिला ने 13 जून को आवेदन देकर 11 जून की रात करीब 11:30 बजे उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर चकिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। एसआईटी, डीआईयू बेगूसराय और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।


करवाई के दौरान प्राथमिकी अभियुक्त नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश के फरीदाबाद जिले के भूपानी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद बिहार छोड़कर फरार हो गया था और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। वहीं अप्राथमिकी अभियुक्त अमर निषाद उर्फ अमरजीत कुमार उर्फ मक्का मदीना को चकिया थाना क्षेत्र के दियारा इलाके से गिरफ्तार किया गया।


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अमर निषाद ने पूछताछ के दौरान गैंगरेप की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि 11 जून की रात वह अपने अन्य साथियों के साथ वारदात में शामिल था तथा घटना के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गया था। आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस अन्य फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।


पूछताछ में आरोपी अमर निषाद ने यह भी स्वीकार किया कि वह गांव में अपना दबदबा कायम रखने के लिए देसी कट्टा और कारतूस अपने पास रखता था। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी आरोपी और उसके साथी हथियार के साथ दिखाई दिए थे।


आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। बरामद अवैध हथियार के संबंध में चकिया थाना में कांड संख्या 61/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अलग से कार्रवाई शुरू कर दी है।


एसपी मनीष ने बताया कि अब तक की जांच में गैंगरेप की घटना में कुल पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नीतीश कुमार के खिलाफ पूर्व में बरौनी रेल थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं अमरजीत कुमार उर्फ मक्का मदीना के खिलाफ भी एफसीआई ओपी थाना में मारपीट समेत अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।


प्रेस वार्ता में एसपी मनीष ने कहा कि बेगूसराय पुलिस इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए विधि-सम्मत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और मामले का शीघ्र निष्पादन कराना है।