Hindi News / crime / दोस्त के ससुराल से लौट रहे बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या,...

दोस्त के ससुराल से लौट रहे बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे शव मिलने से सनसनी

Bihar Crime News: बेगूसराय में बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated May 02, 2026, 10:47:00 AM

Bihar Crime News

हत्या से सनसनी - फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। बेखौफ बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया। शनिवार की सुबह शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतक की पहचान करीब 27 वर्षीय अरविंद महतो के रूप में की गई है, जो चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव निवासी पवन महतो का पुत्र बताया जा रहा है। घटना खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पूर्वी पंचायत अंतर्गत मसुराज गांव के समीप की है।


परिजनों के अनुसार, अरविंद महतो शुक्रवार की रात करीब 8 बजे अपने घर से निकला था। वह अपने दोस्त बबलू को उसके ससुराल शाहपुर (भोजा गांव) छोड़ने गया था। इसके बाद देर रात वह वापस घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बना लिया।


बताया जाता है कि शनिवार की सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोग जब मसुराज पंचायत भवन के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़ी बाइक और शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के सिर के पास गोली लगने के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों ने बेहद नजदीक से गोली मारकर हत्या की है। घटनास्थल से ब्लू रंग की अपाचे बाइक भी बरामद हुई है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।


घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मंझौल, पुलिस निरीक्षक समेत खोदावंदपुर, मंझौल और छौड़ाही थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके में कैंप कर रही है। फॉरेंसिक जांच के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


घटना की खबर जैसे ही मृतक के गांव कुंभी पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अरविंद महतो अपने पीछे पत्नी, ढाई साल का एक बेटा और महज 8 महीने की बेटी छोड़ गया है। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है, जिससे पूरे गांव में मातम का माहौल है। 


परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए मृतक के कॉल डिटेल्स, आखिरी लोकेशन और उसके साथ मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।