1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 08, 2026, 3:07:57 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मदनपुर थाना क्षेत्र के ऊंचौली गांव स्थित इंडियन बैंक शाखा में ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से अचानक गोली चल गई, जिससे बैंक के रिकवरी एजेंट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के माधोखाप गांव निवासी राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है। वह इंडियन बैंक में रिकवरी एजेंट के तौर पर कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह बैंक खुलने के बाद सिक्योरिटी गार्ड अभय कुमार सिंह अपनी बंदूक की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक मिसफायर हो गया और गोली पास में खड़े राजेंद्र पासवान के पेट में जा लगी।
गोली लगते ही बैंक में चीख-पुकार मच गई। बैंक के असिस्टेंट मैनेजर श्याम बिहारी प्रसाद और अन्य कर्मचारियों ने घायल राजेंद्र पासवान को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर संजय कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला व सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की। बैंक मैनेजर ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड पानी पीने के बाद जैसे ही बंदूक उठाया, उसी समय अचानक गोली चल गई। प्रारंभिक जांच में घटना को मिसफायर माना जा रहा है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।