Hindi News / crime / बिहार में तीन साल की मासूम की हत्या से सनसनी, भूसे से मिला...

बिहार में तीन साल की मासूम की हत्या से सनसनी, भूसे से मिला सड़ा-गला शव

Bihar Crime News: अररिया के तेगछिया गांव में 3 साल की मासूम बच्ची का सड़ा-गला शव भूस्सी घर से बरामद हुआ। बच्ची चार दिन से लापता थी। पुलिस हत्या की आशंका में जांच कर रही है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 15, 2026, 12:17:58 PM

Bihar Crime News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के तेगछिया गांव में शुक्रवार सुबह एक भूस्सी घर से तीन साल की मासूम बच्ची का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 


मृतका की पहचान शिवांशी के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता थी। पुलिस को आपसी रंजिश में हत्या की आशंका है। जानकारी के अनुसार, बच्ची ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के तरौना गांव निवासी सुशील सिंह की बेटी थी। 


वह 10 मई को अपने माता-पिता के साथ तेगछिया गांव स्थित नाना मायानंद सिंह के घर आई थी। अगले ही दिन 11 मई की दोपहर वह घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उसी शाम ताराबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।


शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को नाना के घर से करीब 25 मीटर दूर एक भूस्सी घर से तेज दुर्गंध आई। शक होने पर जब लोगों ने अंदर देखा तो वहां बच्ची का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।


घटना की जानकारी मिलते ही अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में ताराबाड़ी, कुर्साकांटा और अररिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है। इधर, मासूम बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।