Hindi News / crime / आरा में जमीन विवाद को लेकर रिटायर्ड होमगार्ड जवान की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित...

आरा में जमीन विवाद को लेकर रिटायर्ड होमगार्ड जवान की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम हंगामा

भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर रिटायर्ड होमगार्ड जवान नंदजी यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated Jun 09, 2026, 7:41:43 PM

बिहार न्यूज

परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो रिपोर्टर

BHOJPUR: सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद बिहार में जमीन विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला भोजपुर से सामने आया है, जहां जमीन के विवाद में 65 साल के बुजुर्ग को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। 


भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के शोभनाथ के बथान गांव में जमीन विवाद को लेकर एक रिटायर्ड होमगार्ड जवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। 


घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार सुबह लोगों ने नयका टोला मोड़ पर सड़क जाम कर दिया। 


इस दौरान टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन भी किया गया। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप रहा। बाद में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। 


मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के शोभनाथ के बथान गांव निवासी स्व. मोलन यादव के 65 वर्षीय पुत्र नंदजी यादव के रूप में हुई है, जो रिटायर्ड होमगार्ड जवान थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।