1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 30, 2026, 8:48:15 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
RRB NTPC exam: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने एनटीपीसी (अंडर ग्रेजुएट) भर्ती परीक्षा (CEN No. 07/2025) के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सीबीटी-1 परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां जैसे परीक्षा शहर, तिथि, ई-कॉल लेटर और आधार सत्यापन प्रक्रिया अब निर्धारित समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
नोटिस के अनुसार, अभ्यर्थी अपनी परीक्षा शहर और तिथि की जानकारी परीक्षा से 10 दिन पहले आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे। सीबीटी-1 परीक्षा 7 मई से 21 जून तक विभिन्न चरणों में आयोजित की जाएगी। वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से चार दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे।
एससी/एसटी अभ्यर्थियों के लिए ट्रैवल अथॉरिटी भी वेबसाइट पर जारी की जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को मूल यूआईडीएआई द्वारा जारी आधार कार्ड या ई-आधार की प्रति साथ लानी होगी।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने सलाह दी है कि जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आधार सत्यापन पूरा नहीं किया है, वे परीक्षा से पहले ही वेबसाइट पर लॉगिन कर इसे पूरा कर लें। साथ ही, जिनका आधार 15 वर्ष की आयु से पहले बना था, उन्हें अपना बायोमेट्रिक डेटा अपडेट करने को कहा गया है ताकि परीक्षा के दिन कोई समस्या न हो।
किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी हेल्पडेस्क नंबर 9513166169 पर सोमवार से शनिवार, सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि उम्मीदवार केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और फर्जी एजेंटों से सावधान रहें। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) और मेरिट पर आधारित होगी।