Purnea News: 6 अप्रैल 2026, दिन सोमवार को जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया के पावन प्रांगण में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास, ऊर्जा एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की चहक, उत्साह और नव आशाओं की मधुर गूंज से प्रफुल्लित दिखाई दे रहा था।
नवीन एवं पुरातन छात्र-छात्राओं का स्वागत विद्यालय की प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी एवं उप-प्रधानाचार्य राज कुमार दास, समन्वयकगण तथा समर्पित शिक्षकगण द्वारा अत्यंत आत्मीयता, स्नेह एवं उल्लास के साथ किया गया। विद्यालय के प्रथम दिवस पर विशेष रूप से उन नन्हें विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था, जिन्होंने पहली बार इस ज्ञान-आलय में प्रवेश किया।
इस अवसर पर ओपन एयर ग्राउंड में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जहाँ समस्त विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक स्वर में विद्यालय प्रार्थना कर वातावरण को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक बना दिया। तत्पश्चात माँ सरस्वती से ज्ञान, बुद्धि एवं सफलता की मंगलकामना की गई।
प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी द्वारा विद्यार्थियों का गरिमामय स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्टता के मार्ग पर अग्रसर होने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था, संस्कारयुक्त वातावरण एवं समग्र विकास की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए आवश्यक दिशानिर्देश प्रदान किए, जिससे विद्यार्थियों का सम्पूर्ण शैक्षणिक वर्ष सुचारू एवं सफलतापूर्वक व्यतीत हो सके।
इसके उपरांत छात्र-छात्राएँ अपनी-अपनी कक्षाओं की ओर अग्रसर हुए, जहाँ उनका स्वागत एक सजीव, सुसज्जित एवं प्रेरणादायक वातावरण में हुआ। विद्यार्थियों के चेहरों पर नवीन कक्षा एवं नए अवसरों को लेकर अद्भुत प्रसन्नता झलक रही थी। शिक्षकगण भी बच्चों को सहज, आनंददायक एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करने हेतु निरंतर सक्रिय रहे।
विद्यालय प्रशासन द्वारा प्रथम दिवस को विशेष एवं स्मरणीय बनाने हेतु विविध रोचक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रत्येक कक्षा में कक्षाचार्यों द्वारा मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को एक सशक्त शुरुआत प्रदान की गई। इसी क्रम में विद्यार्थियों को विद्यालय के आकर्षक सेल्फी पॉइंट पर ले जाकर उनके उत्साहपूर्ण क्षणों को सहेजा गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रयागराज से आए “मैजिक शक्ति शो” रहा, जिसने अपनी अद्भुत एवं रोमांचकारी प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की तालियों एवं हर्षोल्लास से संपूर्ण वातावरण आनंदमय एवं जीवंत हो उठा।
जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक है, बल्कि संस्कार, अनुशासन एवं नवाचार के समन्वय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सतत प्रतिबद्ध एक आदर्श शिक्षण संस्थान है। यहाँ शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए, उसे जीवनोपयोगी मूल्यों, नैतिकता एवं आधुनिक कौशलों से समृद्ध किया जाता है। निश्चित रूप से, इस नव सत्र का यह प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण आरंभ आने वाले वर्ष में अनेकों उपलब्धियों एवं सफलताओं की सशक्त नींव सिद्ध होगा।



