UPSC Success Story: यूपीएससी (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिनी जाती है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इसमें शामिल होते हैं, लेकिन सफलता कुछ ही लोगों को मिल पाती है। ऐसे में कुछ कहानियां प्रेरणा बन जाती हैं—जिनमें से एक है आईएएस अनन्या सिंह की, जिन्होंने महज एक साल की तैयारी में इस कठिन परीक्षा को पास कर लिया।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली अनन्या सिंह बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। 10वीं में 96 प्रतिशत और 12वीं में 98.25 प्रतिशत अंक हासिल कर वह जिला टॉपर रहीं।
स्कूल के बाद उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से इकोनॉमिक्स ऑनर्स में स्नातक किया। अनन्या ने बचपन में ही आईएएस बनने का सपना देखा था, जिसे उन्होंने ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में गंभीरता से साकार करने का फैसला किया।
तैयारी के दौरान अनन्या ने सेल्फ-स्टडी पर जोर दिया। उन्होंने शुरुआत में रोज 7–8 घंटे पढ़ाई की और बेस मजबूत होने के बाद इसे 6 घंटे तक सीमित किया। उनकी रणनीति में सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा था—लिखकर अभ्यास करना। उन्होंने प्रीलिम्स और मेन्स की तैयारी एक साथ की, जिससे समय की बचत हुई और विषयों की समझ बेहतर बनी।
अनन्या का मानना है कि सही किताबों का चयन, खुद के नोट्स बनाना और पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र हल करना सफलता की कुंजी है। उनके अनुसार, लिखकर पढ़ाई करने से विषय लंबे समय तक याद रहते हैं और परीक्षा के समय रिवीजन आसान हो जाता है। उनकी मेहनत रंग लाई और साल 2019 में उन्होंने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 51 हासिल कर ली। मात्र 22 साल की उम्र में उन्होंने अपना सपना पूरा कर लिया।
अनन्या सिंह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती हैं और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके हजारों फॉलोअर्स हैं। निजी जीवन में उन्होंने अप्रैल 2024 में आईएएस कुमार अनुराग से विवाह किया, जिन्होंने 2018 में यूपीएससी में 48वीं रैंक हासिल की थी।



