JEE Main 2025 की परीक्षा आज यानी 22 जनवरी से शुरू हो रही है जो 30 जनवरी तक चलेगी। इस परीक्षा के लिए लगभग 14 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसको लेकर अलग-अलग दिनों पर अभ्यर्थियों की ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन मोड में परीक्षा आयोजित की जाएगी। ऐसे में NTA ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड से संबंधित दिशा निर्देश भी जारी किए हैं।
दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए की ओर से इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में अब एनटीए ने परीक्षा में शामिल होने वाले पुरुष अभ्यर्थियों को टोपी, मफलर और सिर को ढ़कने वाला कपड़ा पहनकर परीक्षा केंद्र में आने से मना किया है। इसके अलावा चेन, बेल्ट, अंगूठी जैसे आभूषण और मेटल के सामान को पहनकर परीक्षा केंद्र में आने की पाबंदी लगाई गई है।
वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए स्टॉल, दुपट्टा, स्कॉर्फ के साथ-साथ कान का झुमका नथुनी और अन्य आभूषण पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया है। यानी कि सिंपल ड्रेस में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना है। अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।
इसके आलावा परीक्षा हॉल में अभ्यर्थियों के लिए किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और स्मार्ट वॉच प्रतिबंधित है। हालांकि,नॉर्मल डायल वाली घड़ी पहनकर अभ्यर्थी जा सकते हैं।




