Bihar BEd Entrance 2026: बिहार में दो वर्षीय बीएड कोर्स में दाखिले के इच्छुक छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। इस साल बीएड प्रवेश परीक्षा राज्य के 11 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि परीक्षा केंद्र भी इन्हीं जिला मुख्यालयों में बनाए जाएंगे, जिससे अभ्यर्थियों को सुविधा मिलेगी और परीक्षा प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सकेगी।
इस महत्वपूर्ण परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) को सौंपी गई है, जिसे राज्य नोडल विश्वविद्यालय बनाया गया है। इस संबंध में लोकभवन में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य नोडल अफसर प्रो. संजय कुमार भी शामिल हुए।
बैठक में परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा परीक्षार्थियों की पहचान के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
परीक्षा की संभावित तारीख 7 जून या 14 जून बताई जा रही है। हालांकि अंतिम तिथि तय करने से पहले राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों की परीक्षा समय-सारणी को ध्यान में रखा जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार का टकराव न हो। साथ ही प्रत्येक जिला मुख्यालय में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, जो परीक्षा के संचालन की निगरानी करेगा।
लोकभवन ने यह भी निर्देश दिया है कि परीक्षा की तैयारियों को लेकर संबंधित कमिश्नर और डीएम के साथ नियमित बैठकें की जाएं और हर प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर भेजी जाए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि परीक्षा निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो।
इधर, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन की प्रक्रिया को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इंटरमीडिएट के रिजल्ट और मार्कशीट जारी होने के बाद पोर्टल खोला जाएगा। इस बार छात्रों को एक बड़ा विकल्प देते हुए 10 कॉलेज चुनने की सुविधा दी जाएगी, जबकि पहले यह संख्या 5 से 6 तक सीमित थी।
छात्रों को सलाह दी जाएगी कि वे अपने घर के नजदीक स्थित कॉलेजों को प्राथमिकता दें, ताकि पढ़ाई में सुविधा हो। हर साल विश्वविद्यालय में लगभग डेढ़ लाख सीटों पर स्नातक में दाखिला लिया जाता है। इस वर्ष 30 नए कॉलेजों के जुड़ने की संभावना है, जिससे कुल कॉलेजों की संख्या बढ़कर करीब 160 हो सकती है।
सिर्फ स्नातक ही नहीं, बल्कि वोकेशनल कोर्स में भी नामांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। सीसीडीसी प्रो. टीके डे के अनुसार, इसके लिए फाइल तैयार की जा रही है और कुलपति की स्वीकृति मिलते ही एक से दो सप्ताह में पोर्टल खोल दिया जाएगा।
वहीं, पीजी में ऑनस्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया भी जारी है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में छात्रों की भीड़ देखी जा रही है और कई विभाग मेरिट लिस्ट तैयार करने में जुटे हैं। हालांकि इस दौरान सिफारिशी फोन कॉल्स भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। पीजी ऑनस्पॉट एडमिशन की अंतिम तिथि 11 अप्रैल निर्धारित की गई है।



