1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 14, 2026, 8:01:16 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
LPG Supply: केंद्र सरकार की ओर से एलपीजी सप्लाई को लेकर जारी ताजा बयान काफी राहत देने वाला है। सरकार के अनुसार देश में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी भी एजेंसी से सिलेंडर खत्म होने की कोई सूचना नहीं मिली है। मौजूदा समय में ऑनलाइन बुकिंग का स्तर लगभग 99 प्रतिशत तक पहुंच गया है, भले ही मिडिल ईस्ट में तनाव की स्थिति बनी हुई हो।
सोमवार को जारी बयान में बताया गया कि 70 प्रतिशत कमर्शियल एलपीजी सप्लाई को भी बहाल कर दिया गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि 14 मार्च से अब तक 1,82,900 टन कमर्शियल एलपीजी की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “घरेलू एलपीजी सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर के पास सिलेंडर खत्म होने की रिपोर्ट नहीं मिली है।” इसके साथ ही ऑनलाइन बुकिंग 99 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
सरकार ने बताया कि गैस के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए ओटीपी आधारित बुकिंग सिस्टम लागू किया गया है। ओटीपी केवल रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है, जिसे साझा नहीं किया जा सकता। इससे पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
सुजाता शर्मा ने बताया कि 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर की बिक्री भी सुचारू रूप से चल रही है और इसके लिए किसी एड्रेस प्रूफ की आवश्यकता नहीं है, केवल आईडी आधारित प्रक्रिया है। 3 अप्रैल तक लगभग 40,000 छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं, जबकि 23 मार्च से अब तक कुल 13,30,000 किलोग्राम सिलेंडर की बिक्री हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि घरेलू पीएनजी और सीएनजी वाहनों के लिए नेचुरल गैस की सप्लाई 100 प्रतिशत सुनिश्चित की जा रही है। फर्टिलाइजर की लगभग 95 प्रतिशत मांग पूरी की जा रही है। स्कूल, कॉलेज, कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री और फार्मा सेक्टर को 100 प्रतिशत सप्लाई दी जा रही है। इसके अलावा अतिरिक्त कमर्शियल एलपीजी सभी राज्यों को उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पीएनजी नेटवर्क के विस्तार में भी मदद मिल रही है।