Bihar News: बिहार की सरकारी बिजली कंपनी बीएसपीटीसीएल देश की पहली ऐसी सरकारी कंपनी बनने जा रही है जो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में लिस्ट होगी। कंपनी के बोर्ड ने IPO लाने का प्रस्ताव मंजूर कर दिया है और अब शेयर बाजार में उतरने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह कदम न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश के ऊर्जा सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बीएसपीटीसीएल ने IPO के लिए सभी आवश्यक पात्रताएं पूरी कर ली हैं। ऊर्जा, योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव के निर्देश और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के मार्गदर्शन में कंपनी ने इस दिशा में तेजी से काम किया। बोर्ड की मंजूरी के बाद मर्चेंट बैंकर और बुक रनिंग लीड मैनेजर की नियुक्ति के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। ये एजेंसियां IPO से जुड़े वैल्यूएशन, डॉक्यूमेंटेशन और मार्केटिंग की जिम्मेदारी संभालेंगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार के मुताबिक, बीएसपीटीसीएल पिछले तीन वर्षों से लगातार मुनाफे में है। IPO प्रक्रिया के तहत कंपनी की वित्तीय स्थिति, कर्ज, लंबित मुकदमे और बिजनेस मॉडल की गहन जांच की जाएगी, ताकि निवेशकों को पूरी पारदर्शिता मिले। थर्ड पार्टी ऑडिट से कंपनी की साख मजबूत होगी और भविष्य में शेयरधारकों को डिविडेंड देने की क्षमता भी बढ़ेगी।
शेयर बाजार से जुटाई गई पूंजी का इस्तेमाल नई ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण, ग्रिड के आधुनिकीकरण, हाई कैपेसिटी सब-स्टेशनों की स्थापना और नवीकरणीय ऊर्जा को बेहतर तरीके से जोड़ने में किया जाएगा। इससे बिहार की बिजली आपूर्ति प्रणाली और मजबूत और भरोसेमंद बनेगी।
ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह का कहना है कि IPO आने से कंपनी की राज्य सरकार पर वित्तीय निर्भरता कम होगी। अर्थशास्त्रियों के मुताबिक, इससे सरकारी बजट पर दबाव घटेगा और पेशेवर प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा। शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से कंपनी की जवाबदेही और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।


