1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 18, 2026, 3:25:08 PM
पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन - फ़ोटो सोशल मीडिया
VAISHALI: किन्नर समाज की गुरु मां की गाड़ी से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद चोरी होने के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ट्रांसजेंडर समाज के लोगों ने समाहरणालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वैशाली पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
सैकड़ों की संख्या में पहुंचे किन्नर समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि चोरी हुए आभूषण और नकदी उनके समाज द्वारा सम्मेलन के लिए वर्षों से एकत्र किए गए थे।
वहीं, सदर एसडीपीओ ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जांच की प्रगति से किन्नर समाज के प्रतिनिधियों को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि 12 जून की रात बाइक सवार बदमाशों ने कार से धुआं निकलने का झांसा देकर वाहन रुकवाया था। इसी दौरान कार में रखा बैग चोरी कर लिया गया। बैग में करीब 700 ग्राम सोने के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद मौजूद थे, जिसकी कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। किन्नर समाज का कहना है कि सम्मेलन के आयोजन के लिए समाज के लोगों ने मांगकर और सहयोग राशि जुटाकर यह धन और आभूषण एकत्र किए थे, जिसे बदमाशों ने चोरी कर लिया।
वैशाली से मुन्ना खान की रिपोर्ट