1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 29, 2026, 9:32:15 AM
- फ़ोटो
Bihar News : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दादपुर चकनूर गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल कायम हो गया। मृतक की पहचान गांव निवासी सूरज कुमार के रूप में की गई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की अल सुबह गांव के लोग नींद से उठ ही रहे थे कि अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। बताया जा रहा है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने सूरज कुमार पर अचानक हमला कर दिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल सूरज को परिजनों ने आनन-फानन में इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इतनी सुबह हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। मृतक की पत्नी ने घटना को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि उसका पति घर में सोया हुआ था। इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंचा और घर के बाहर रखी ईंटों को फेंककर हंगामा करने लगा। आवाज सुनकर जैसे ही सूरज बाहर निकला, आरोपी ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। पत्नी के मुताबिक आरोपी ने लगातार तीन गोलियां चलाईं, जो सूरज को जा लगीं।
महिला ने बताया कि जब परिवार के अन्य सदस्य सूरज को बचाने के लिए आगे आए, तब आरोपी ने उनकी ओर भी गोली चला दी। हालांकि, इस दौरान बाकी लोग बाल-बाल बच गए। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकलने से भी बचते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरी जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम आरोपी के घर भी पहुंची, लेकिन वह घर छोड़कर फरार मिला। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद दादपुर चकनूर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। वहीं, गांव के लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।