1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 22, 2026, 3:38:05 PM
डीएम ने संभाला पदभार - फ़ोटो रिपोर्टर
EAST CHAMPARAN: बिहार में बड़े पैमाने पर हुए आईएएस अधिकारियों के तबादले के बाद पूर्वी चंपारण जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। सौरभ सुमन यादव ने जिले के नए डीएम के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया।
पदभार संभालने के बाद वे अपने कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान निवर्तमान जिलाधिकारी ने उन्हें कार्यभार सौंपते हुए फूल-गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद नए डीएम सौरभ सुमन यादव ने कहा कि पूर्वी चंपारण के विकास को गति देना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित विकास योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
नए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन विशेष रूप से संवेदनशील रहेगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि पूर्वी चंपारण विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल कर सके।