Bihar News: रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धारूपुर वार्ड नंबर 21 में शराब तस्करी की सूचना पर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर शराब माफियाओं और स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर अजिताभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत बिक्रमगंज के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर अजिताभ कुमार के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम धारूपुर में शराब तस्करी की सूचना पर छापेमारी के लिए पहुंची थी। छापेमारी के दौरान शराब बरामद भी की गई, लेकिन तभी शराब माफियाओं और कुछ अन्य लोगों ने अचानक टीम पर लाठी-डंडों और पथराव से हमला कर दिया। हमले में अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। उत्पाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रिपोर्टर: रंजन कुमार






