Hindi News / bihar / purvi-champaran / इंडो-नेपाल बॉर्डर पर म्यांमार की महिला गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड और पहचान छिपाने...

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर म्यांमार की महिला गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड और पहचान छिपाने का आरोप

पूर्वी चंपारण में इंडो-नेपाल बॉर्डर पर म्यांमार की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला पर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर भारत में रहने और नेपाल के रास्ते थाईलैंड जाने की कोशिश करने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 14, 2026, 8:22:00 PM

बिहार न्यूज

पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो रिपोर्टर

EAST CHAMPARAN: इंडो-नेपाल बॉडर पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक के पास से एक म्यांमार की महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में गिरफ्तार किया गया है। महिला की पहचान बुमा देवी के रूप में हुई है, जो म्यांमार के यांगून क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। 


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद सद्दाम मंसूरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। प्रेम संबंध के चलते महिला म्यांमार से भारत आई और दोनों ने शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद महिला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अवैध तरीके से आधार कार्ड बनवाया और 'अंजुम खातून' नाम से भारत में रह रही थी।


जानकारी के अनुसार महिला नेपाल के रास्ते थाईलैंड जाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक के पास जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में उसकी वास्तविक पहचान सामने आई। 


पुलिस और संबंधित एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला भारत में कब से रह रही थी, फर्जी दस्तावेज कैसे बनाए गए और उसके थाईलैंड जाने का उद्देश्य क्या था। गिरफ्तार महिला को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां इसके अंतरराष्ट्रीय पहलुओं को भी खंगाल रही हैं।