Hindi News / bihar / purvi-champaran / मोतिहारी में युवक का पुलिस को खुलेआम धमकी भरा वीडियो वायरल, थाने में...

मोतिहारी में युवक का पुलिस को खुलेआम धमकी भरा वीडियो वायरल, थाने में घुसकर गोली मारने की चेतावनी

Viral Video: मोतिहारी में एक युवक का पुलिस को खुलेआम धमकी देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में युवक ने थाने में घुसकर गोली मारने जैसी गंभीर चेतावनी दी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है और मामले की जांच शुरू...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 23, 2026, 3:25:37 PM

मोतिहारी में युवक का पुलिस को खुलेआम धमकी भरा वीडियो वायरल, थाने में घुसकर गोली मारने की चेतावनी

- फ़ोटो

Viral Video: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिजधरी थाना क्षेत्र के एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस को खुली धमकी दी है. वायरल वीडियो के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


वीडियो में युवक पुलिस को चेतावनी देते हुए कह रहा है कि अगर उसे बेवजह परेशान किया गया तो वह किसी को भी नहीं छोड़ेगा. उसने यह भी दावा किया कि वह दोनों हाथों से राइफल चलाना जानता है और उसके पास हथियारों की कोई कमी नहीं है.


युवक ने वीडियो में यहां तक कहा कि वह बिजधरी थाना में घुसकर गोली मार सकता है. उसने थानाध्यक्ष सीमा कुमारी का नाम लेते हुए उन्हें भी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है. इस बयान के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.


वीडियो में युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं. उसने कहा कि उसके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है और अगर पुलिस को पूछताछ करनी है तो सीधे उससे संपर्क किया जाए, वह खुद सामने आने को तैयार है.


युवक ने अपने भाई की हत्या का जिक्र करते हुए इसके लिए प्रशासन और गांव के कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.


घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई है.


बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि वीडियो जारी करने वाले युवक की पहचान कर ली गई है. उसकी पहचान सुन्दरापुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है. पुलिस अब उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है.


सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला हाल ही में सुन्दरापुर में हुए एक गोलीकांड से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.