1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 23, 2026, 4:25:38 PM
- फ़ोटो
Bihar News: मोतिहारी जिले से शादी समारोह के दौरान हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां नेपाल से आई बारात को नकली जेवर के विवाद के बाद गांव वालों ने बंधक बना लिया. शादी का मंडप पूरी तरह तैयार था और रस्मों की तैयारी चल रही थी, लेकिन अचानक हुए विवाद के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया.
यह पूरा मामला सुगौली थाना क्षेत्र के बेलवतिया गांव का है. जानकारी के अनुसार, बेलवतिया गांव निवासी लक्ष्मीनारायण साहनी ने अपनी बेटी आरती की शादी नेपाल के बारा जिला निवासी जुगुल सहनी के बेटे सुभाष कुमार से तय की थी.
तय कार्यक्रम के अनुसार 22 जून को नेपाल से बारात बेलवतिया गांव पहुंची. बारातियों का स्वागत हुआ और दरवाजा भी लगा. घर में शादी की खुशियां थीं और विवाह की तैयारियां चल रही थीं.
इसी दौरान कन्या निरीक्षण की रस्म के समय दुल्हन पक्ष की नजर दूल्हे की तरफ से लाए गए जेवर पर पड़ी. परिवार वालों को जेवर देखकर शक हुआ कि यह नकली है. इसके बाद धीरे-धीरे बात पूरे गांव में फैल गई.
देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी के लिए जो आभूषण लाए गए हैं, वह असली नहीं हैं. इसी बात से नाराज होकर दुल्हन आरती ने शादी करने से मना कर दिया.
विवाद बढ़ने के बाद गांव वालों ने बारातियों को रोक लिया और उन्हें बंधक बना लिया. बताया जा रहा है कि सुबह के समय कुछ बारातियों को छोड़ दिया गया, लेकिन दूल्हे और उसके पिता को अभी भी रोके जाने की बात सामने आई है.
दूल्हे के भाई ने बताया कि उनके परिवार की तरफ से लाए गए जेवर असली हैं. उन्होंने कहा कि लड़की पक्ष के लोग इसे नकली बता रहे हैं और इसी वजह से विवाद हो गया. उनका कहना है कि अब वह मामले को लेकर प्रशासन के पास जाएंगे.
वहीं दुल्हन के पिता लक्ष्मीनारायण साहनी का कहना है कि शादी तय होने के समय कई बातें हुई थीं. उन्होंने बताया कि उन्होंने एक गाड़ी और ढोलना लाने की बात कही थी, जिसके बाद शादी के लिए सहमति बनी थी. लेकिन गाड़ी नहीं लाई गई और जो जेवर लाया गया, वह भी कथित रूप से नकली निकला.