EAST CHAMPARAN: पूर्वी चंपारण जिले की 12 विधानसभा सीटों पर मतदान 11 नवंबर को होने हैं, जिसके लिए कुल 4495 मतदान केंद्र बूथ बनाए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी बूथों पर पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी रियल-टाइम निगरानी के लिए जिला मुख्यालय और सभी अनुमंडल स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
वही पोलिंग पार्टी ईवीएम लेकर पोलिंग बूथ के लिए रवाना हो गए है। विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मॉडल बूथ बनाया गया है। इस प्रकार जिले में कुल 12 मॉडल बूथ स्थापित किए गए हैं। इनमें मतदान केंद्रों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है ताकि मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान करने पहुंचें। इसके साथ ही महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए महिलाओं के लिए अलग से बूथ पिंक बूथ भी बनाए गए हैं, जहां पूरे स्टाफ की नियुक्ति महिला कर्मियों के रूप में की गई है।
डीएम सौरभ जोरवाल ने कहा कि मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल अधिकारी और प्रेक्षक लगातार क्षेत्रीय दौरे पर हैं। वहीं एसपी स्वर्ण प्रभात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या अव्यवस्था की संभावना को रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि हर बूथ के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह की भीड़ या जमावड़ा नहीं लगाया जाएगा। एसपी ने कहा कि जिले में सुरक्षा के लिए स्टेट पुलिस, CAPF, होमगार्ड और रैपिड रिस्पॉन्स टीम को मिलाकर कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किसी भी तरह की अफवाह या गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि बिना किसी डर और दबाव के मतदान करें।

