Hindi News / bihar / purnea-news / ठंडा है, पी लो… कहकर हेडमास्टर ने मासूम छात्रा को पिला दिया पेशाब,...

ठंडा है, पी लो… कहकर हेडमास्टर ने मासूम छात्रा को पिला दिया पेशाब, खुलासे के बाद स्कूल में मचा बवाल

Bihar News: पूर्णिया के केनगर में एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर सात वर्षीय छात्रा को कोल्ड ड्रिंक बताकर कथित तौर पर मूत्र पिलाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले के बाद ग्रामीणों के विरोध पर पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर जेल...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 19, 2026, 6:42:51 PM

ठंडा है, पी लो… कहकर हेडमास्टर ने मासूम छात्रा को पिला दिया पेशाब, खुलासे के बाद स्कूल में मचा बवाल

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर आरोप है कि उन्होंने सात साल की बच्ची को कोल्ड ड्रिंक बताकर पेशाब पिला दिया। घटना के बाद इलाके में गुस्सा फैल गया और लोग स्कूल पहुंचकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी हेडमास्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


दरअसल यह मामला चंपानगर थाना क्षेत्र के सिंधिया पंचायत स्थित कन्या मध्य विद्यालय सिंधिया का है। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक नंद किशोर राय ने पहली कक्षा में पढ़ने वाली मासूम छात्रा को एक बोतल में रखा पेशाब “ठंडा” और “कोल्ड ड्रिंक” बताकर पिला दिया।


पीड़ित बच्ची जब रोते हुए घर पहुंची तो उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। बच्ची ने कहा कि स्कूल में हेडमास्टर ने उसे एक ढक्कन में कुछ पिलाया और कहा कि “ठंडा है, पीकर देखो।” बच्ची ने जब उसे पिया तो अजीब स्वाद और बदबू महसूस हुई। इसके बाद वह घबराकर घर भाग आई।


बेटी की बात सुनकर परिवार के लोग तुरंत स्कूल पहुंचे। वहां बच्ची ने एक बोतल की ओर इशारा करते हुए कहा कि इसी में वह चीज रखी थी। परिजनों ने जब बोतल को सूंघा तो उसमें से पेशाब जैसी तेज बदबू आने लगी। आरोप है कि इस दौरान जब परिवार वालों ने प्रधानाध्यापक से सवाल किया तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां से भगा देने की कोशिश की।


घटना की खबर गांव में फैलते ही लोगों का गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। माहौल तनावपूर्ण होता देख चंपानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।


पुलिस ने बच्ची की मां के बयान पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक नंद किशोर राय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी श्रीनगर थाना क्षेत्र के खुट्टी धुनैली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने उस बोतल को भी जब्त कर लिया है, जिसकी जांच कराई जाएगी।


हालांकि आरोपी हेडमास्टर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।