1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 21, 2026, 2:34:32 PM
एसबीआई पटना योग शिविर - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के स्थानीय प्रधान कार्यालय, पटना परिसर में प्रातः 7:30 बजे योग शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रही, जिस पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
योग शिविर में एसबीआई पटना मंडल के मंडल विकास अधिकारी देवेश मित्तल सहित बैंक के 50 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और एसबीआई लेडीज क्लब की सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मंडल विकास अधिकारी देवेश मित्तल ने कहा कि योग एक ऐसा विज्ञान है, जो शरीर, मन और आत्मा को एक साथ जोड़ता है। इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकता है।
योगाचार्य डॉ. राहुल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में प्रतिभागियों ने दैनिक जीवन में किए जाने वाले विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान मानवता के कल्याण, पर्यावरण संरक्षण तथा पृथ्वी की रक्षा के लिए भी सामूहिक प्रार्थना की गई।
इस आयोजन के माध्यम से बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
